बरसठी। स्थानीय थाना क्षेत्र के रायपुर सुखलालगंज रेलवे फाटक के पास एक सप्ताह पूर्व जर्मन दंपती से मारपीट और अभद्रता करने वाले एक अन्य आरोपी को भी पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। घटना में शामिल तीसरे शख्स की तलाश की जा रही है।
जर्मन निवासी दंपती कार से 16 जनवरी को वाराणसी से ऋषिकेश जा रहे थे। रायपुर गांव के पास रात 8 बजे तीन मनबढ़ों युवकों ने उनके साथ बदसलूकी करते हुए मारपीट की। उनके गाड़ी का शीशा भी तोड़ दिया। दंपती ने मड़ियाहूं थाने पहुंचकर मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने पहले तो मामले को दबाए रखा,लेकिन उच्चाधिकारियों तक मामला पहुंचने के बाद मड़ियाहूं पुलिस ने मुकदमा बरसठी थाने में ट्रांसफर कर दिया था। बरसठी पुलिस ने एक आरोपी रामशंकर यादव को गुरुवार को गिरफ्तार किया था। दूसरे आरोपी नितिन यादव को देर रात पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद दोनों को कोर्ट के लिए चालान कर दिया गया। तीसरा आरोपी अभी फरार है।