लकेजी का छात्र अंकुश यादव (फाइल फोटो)
- फोटो : JAUNPUR
जफराबाद। थाना क्षेत्र के सखोई गांव में शुक्रवार को बेकाबू ट्रैक्टर की चपेट में आने से यूकेजी के छात्र (6) की मौत हो गई। लॉक डाउन के बाद स्कूल पहुंचने पर पहले दिन ही हादसे में मासूम की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने चालक समेत ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया है।
केराकत थाना क्षेत्र के महादेवा गांव निवासी महेश यादव का पुत्र अंकुश (6) अपने ननिहाल क्षेत्र के सखोई गांव निवासी श्रीप्रकाश यादव के घर रहकर पढ़ता था। वह पास के एक निजी स्कूल में यूकेजी का छात्र था। लॉक डाउन के बाद से स्कूल में पढ़ाई बंद थी। शुक्रवार को वह स्कूल गया था। लौटते समय गांव के पास बस से उतरा। सड़क पार करते समय विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उसे चपेट में ले लिया। हादसे में गंभीर रुप से घायल छात्र को परिजन आनन-फानन जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।