बदलापुर/जलालपुर। वाराणसी-लखनऊ फोरलेन पर बदलापुर और जलालपुर के पास बृहस्पतिवार की रात अलग-अलग हुए सड़क हादसों में युवक समेत दो लोगों की की मौत हो गई जबकि चार लोग घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खुटहन निवासी जयराम यादव (70) की तबीयत खराब थी। परिजन उन्हें बोलेरो से लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे। रात में करीब दस बजे मिरसादपुर गांव में संत परमहंस गेट के पास पहुंचे थे तभी बोलेरो असंतुलित होकर पलट गई। हादसे में जयराम यादव , प्रमोद (30), रिंकू (37) और कैलाश (36) घायल हो गए। रात होने की वजह से आस पास कोई नहीं थी। रिंकू ने किसी तरह उसमें लोगों को गाड़ी से बाहर निकाला और फोन से परिजनों एवं एंबुलेंस को सूचना दी। एंबुलेंस से घायलों को सीएचसी बदलापुर पहुंचाया गया जहां डाक्टर ने जयराम यादव को मृत घोषित कर दिया। उधर प्रतापगढ़ जिले के लालगंज थाना क्षेत्र के भदारीकला गांव निवासी दिलीप कुमार रजक ( 23) पुत्र रामयश और विवेक कुमार (18) पुत्र संतोष बाइक से वाराणसी से घर जा रहे थे। रात में दोनों जलालपुर बाजार में एक ढाबे के पास पहुंचे थे तभी सामने से आ रहे ट्रक की चपेट में आ गए। बाइक सवार दोनों युवक घायल हो गए। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल में डाक्टर ने दिलीप रजक को मृत घोषित कर दिया।