उम्र घटाने के लिए परीक्षा दे रहे तीन परीक्षार्थी पकड़े गए
महराजगंज के गद्दोपुर और बड़ेरी के इंटर कॉलेज में मिली सफलता
केंद्र व्यवस्थापक की तहरीर पर दर्ज हुआ केस
अमर उजाला ब्यूरो
जौनपुर। यूपी बोर्ड में हाईस्कूल की परीक्षा के दौरान तीन परीक्षार्थियों पर केस दर्ज कराया गया। तीनों उम्र घटाने के लिए जन्मतिथि बदलकर दोबारा परीक्षा दे रहे थे। आंतरिक और वाह्य सचल दल ने चेकिंग के दौरान उन्हें पकड़ा।
महराजगंज के जनता इंटर कॉलेज गद्दोपुर में चेकिंग के दौरान सचल दल ने महेश कुमार और मोहम्मद अरशद को संदेह होने पर पकड़ा। दोनों की उम्र आम परीक्षार्थियों से काफी अधिक लग रही थी। पूछताछ में दोनों ने उम्र घटाने के लिए दोबारा परीक्षा देने की बात स्वीकार की। उधर, जयराम सिंह इंटर कॉलेज कोहड़ा बड़ेरी से रंजना देवी को भी जन्मतिथि बदलकर परीक्षा देते डीआईओएस की टीम ने पकड़ा। तीनों पर एफआईआर दर्ज कराया गया है। बता दें कि इसके पूर्व हिंदी की परीक्षा में भी तीन परीक्षार्थियों को मछलीशहर के केंद्र से उम्र घटाकर परीक्षा देते पकड़ा गया था। उधर, जनता इंटर कॉलेज दुर्गदेव से केंद्र व्यवस्थापक ने हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में एक छात्र को अनुचित साधन का प्रयोग करने पर रेस्टीकेट किया।
---
5572 परीक्षार्थी अनुपस्थित
जौनपुर। प्रथम पाली में हाईस्कूल अंग्रेजी की परीक्षा में विभिन्न केंद्रों से कुल 5572 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा के लिए कुल 79730 परीक्षार्थियों का पंजीकरण था, इसमें 74158 ने परीक्षा दी। अनुपस्थित परीक्षार्थियों में 4157 छात्र और 1415 छात्राएं हैं। उधर, इंटर सैन्य विज्ञान की परीक्षा में पंजीकृत 159 के सापेक्ष आठ ने परीक्षा छोड़ी।