खेतासराय। एक सप्ताह पूर्व क्षेत्र के गोरारी में पूर्व विधायक नदीम जावेद के प्रतिनिधि खुर्शीद अनवर पर प्राण घातक हमला हुआ था। इसमें तीन आरोपियों को पुलिस ने बृहस्पतिवार को क्षेत्र के आजाद नहर पुलिया से गिरफ़्तार कर चालान किया।
थानाध्यक्ष रामाश्रय राय के अनुसार पारा कमाल निवासी खुर्शीद अनवर पर 4-5 अज्ञात बदमाशों ने जानलेवा हमला कर घायल कर दिया था। जिस पर घायल खुर्शीद अनवर के पिता फैय्याज अहमद की तहरीर पर अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मुकदमा लिखा गया। विवेचना के बाद हमले में शामिल आरोपी अंकित मौर्य (25) गोपालापुर थाना कोतवाली, दीपक जायसवाल (26) निवासी शकरमंडी कोतवाली, अंकुल मौर्य (28) निवासी पदुमपुर थाना सरायख्वाजा को खेतासराय थाना क्षेत्र के आजाद नहर पुलिया से मुखबिर की सूचना पर बृहस्पतिवार की सुबह पुलिस ने गिरफ्तार किया। संवाद