जौनपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत जिले में इस बार एक हजार जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इसमें 800 जोड़ों की शादी 11 दिसंबर को इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर में और 200 जोड़ों का विवाह 14 दिसंबर को बदलापुर ब्लाक परिसर में होगी। कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए जिम्मेदार तैयारी में जुट गए हैं। यह सामूहिक विवाह जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में होगा।
गरीब लड़कियों के हाथ पीले हो सके, इसके मद्देनजर सरकार की ओर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना संचालित की गई है, जिसके तहत हर साल सैकड़ों सामूहिक शादी कराई जाती है। इस योजना के तहत प्रति जोड़ा 51 हजार रुपया खर्च किए जाने का प्राविधान है, जिसमें 35 हजार रुपया सीधे शादी करने वाले जोड़ों के खाते में भेजा जाता है। शेष बचे 16 हजार रुपये में से 10 हजार रुपये जोड़े को उपहार स्वरूप दिया जाता है और छह हजार रुपये विवाह समारोह में खर्च किया जाता है। इस योजना के तहत इस बार एक हजार जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य रखा गया है। शादी कराने के लिए अभी तक 739 जोड़ों का चयन किया जा चुुका है। शेष जोड़ों का चयन किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत इस बार कुल एक हजार जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य है। इसका चयन किया जा रहा है। इन जोड़ों में से 800 की शादी 11 दिसंबर को इंदिरा गांधी स्टेडियम सिद्दीकपुर और 200 जोड़ों की शादी 14 दिसंबर को बदलापुर ब्लाक परिसर में होगी। कार्यक्रम को सकुशल संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है। - सुनील कुमार सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी