जौनपुर। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में मंगलवार को प्रोजेक्ट बेस्ड लर्निंग (पीबीएल) प्रशिक्षण का शुभारंभ हुआ। इस दौरान उप शिक्षा निदेशक एवं डायट प्राचार्य डॉ. विनोद कुमार शर्मा ने कहा कि पीबीएल ऐसी शिक्षण पद्धति है, जिसमें विद्यार्थी वास्तविक जीवन से जुड़ी समस्याओं को हल करते हुए सीखते हैं। इससे रटने के बजाय विद्यार्थियों में विषय की समझ, खोजबीन और आपसी सहयोग की भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि इस पद्धति में विद्यार्थी अपनी सीख को किसी उत्पाद या मॉडल के रूप में तैयार कर प्रस्तुत करते हैं। वहीं, शिक्षक की भूमिका केवल जानकारी देने तक सीमित न रहकर सुगमकर्ता, मार्गदर्शक और सीखने में सहयोग करने वाले की होती है। प्रशिक्षक सुशील उपाध्याय ने बताया कि पीबीएल की अभिकल्पना के सात चरण होते हैं।
इनके माध्यम से विद्यार्थियों को गतिविधियों और परियोजनाओं के जरिए सीखने का अवसर मिलता है। सतीश मौर्य ने बताया कि पीबीएल मेले में विज्ञान विषय से संबंधित प्रोजेक्ट तैयार कर प्रदर्शित किए जाएंगे। इसमें अभिभावकों, एसएमसी सदस्यों और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को भी आमंत्रित किया जाएगा।
प्रशिक्षण में सात विकास खंडों के जूनियर हाईस्कूल स्तर के विज्ञान एवं गणित विषय के 250 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान डायट प्रवक्ता अश्वनी पांडेय, अमित यादव, सुशील उपाध्याय, सतीश मौर्य, सीनिधि सिंह, पूजा मालवीय, अनुपम श्रीवास्तव और सुजीत सोनकर उपस्थित रहे।