मड़ियाहूं, नो वेंडिंग जोन में खड़े ठेले व बेतरतीब खड़े वाहन। स्रोत-संवाद
मड़ियाहूं। नगर में ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह पटरी से उतर चुकी है। पार्किंग की समुचित व्यवस्था न होने और सड़कों पर बेतरतीब ढंग से खड़े वाहनों के कारण दिनभर लगने वाले जाम ने आमजन के साथ-साथ व्यापारियों की कमर तोड़ दी है। विशेषकर सहालग (लगन) के सीजन में जाम की वजह से ग्राहक बाजारों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं, जिससे दुकानदारों की आय पर प्रतिकूल असर पड़ रहा है।
व्यापारियों का आरोप है कि नगर में कोई स्थायी पार्किंग स्थल नहीं है, जिसके चलते लोग मुख्य सड़कों पर ही वाहन खड़ा कर देते हैं। रही-सही कसर ई-रिक्शा, ऑटो और ठेला चालक पूरी कर देते हैं, जो कहीं भी सवारी उतारने और चढ़ाने के लिए वाहन रोक देते हैं। फुटपाथों पर बढ़ते अतिक्रमण ने सड़कों को और संकरा कर दिया है। प्रशासन द्वारा समय-समय पर अतिक्रमण हटाओ अभियान तो चलाया जाता है लेकिन कुछ ही घंटों में स्थिति जस की तस हो जाती है। स्थानीय व्यापारियों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि नगर में पार्किंग स्थल चिह्नित किए जाएं। प्रमुख चौराहों पर यातायात पुलिस की तैनाती हो और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त कर यातायात सुचारु बनाया जाए।