श्रद्धालुओं को महाकुंभ में आवागमन करना आसान नहीं होगा। कारण मुंगराबादशाहपुर वाराणसी लखनऊ रेल प्रखंड स्थित बादशाहपुर रेलवे स्टेशन के पश्चिमी केबिन के समीप क्राॅसिंग पर ओवरब्रिज व बाईपास के अभाव में आए दिन आधे घंटे से लेकर एक घंटा तक जाम की स्थिति बन जा रही है। अन्य वाहनों के साथ एंबुलेंस भी जाम में फंसी रहती है, जिससे सबसे ज्यादा दिक्कत मरीजों को होती है।
मुंगराबादशाहपुर तीन जिले की सीमा पर स्थित है। बादशाहपुर वालों का प्रमुख व्यवसाय और आपातकालीन चिकित्सा का केंद्र प्रयागराज है। प्रयागराज से जौनपुर, आजमगढ़, बलिया, देवरिया, पडरौना, कुशीनगर, गोरखपुर, सोनौली, मऊ आदि जगहों पर जाने के लिए यह प्रमुख मार्ग है। अब बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं का कुंभ में आवागमन होगा। इस मार्ग पर ट्रेनों की संख्या अधिक होने से दिन भर में कई बार रेलवे फाटक बंद होता है। मुख्य मार्ग होने के चलते बड़ी संख्या में वाहनों आवागमन होता है। बाईपास और ओवरब्रिज के अभाव में आए दिन फाटक के दोनों तरफ जाम की स्थिति बन जा रही है। इससे यात्रियों को आधा से एक घंटा तक जाम से निकलने में लग जा रहा है। सबसे ज्यादा दिक्कतें बीमार व्यक्तियों को हो रही है। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा ने बताया कि कुंभ मेले को देखते हुए जाम से निजात दिलवाने की तैयारी की जा रही है।