जौनपुर-रायबरेली नेशनल हाईवे स्थित मुंगराबादशाहपुर थानाक्षेत्र के इटहरा बाईपास पर कार और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। जबकि बाइक पर सवार एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
नारायणडीह गांव निवासी कौशलेंद्र सिंह उर्फ गोलू (22) पुत्र सभाजीत सिंह और राजेंद्र विश्वकर्मा (40) पुत्र श्यामलाल विश्वकर्मा शुक्रवार की देर रात बाइक से बैटरी लेकर इटहरा सीमा से लौट रहे थे कि जौनपुर से प्रतापगढ़ की तरफ जा रही कार से सीधी टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक दस फिट तक उछल गए। हादसे में बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर हालत देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। राजेंद्र विश्वकर्मा का गंभीर स्थिति में इलाज चल रहा है, जबकि कौशलेंद्र सिंह को रात में ही वाराणसी रेफर कर दिया गया। शनिवार को सुबह इलाज के दौरान कौशलेंद्र सिंह की मौत हो गई। कार सवार युवक भागने में सफल रहा। थानाध्यक्ष विनोद कुमार मिश्र ने बताया कि कार को जब्त कर लिया गया है।