केराकत। तहसील बार एसोसिएशन के विभिन्न पदों के होने वाले चुनाव को लेकर दाखिल किये नामांकन पत्रों में एक मात्र वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दाखिल किया नामांकन पत्र उदयराज कन्नौजिया को चुनाव अधिकारियों ने अवैध घोषित करते हुए खारिज कर दिया। शेष सभी दाखिल नामांकन पत्र जांच में सही पाए गए।
चुनाव कमेटी के सदस्य चंद्र भूषण सिंह, मुकेश शुक्ल और शंभू दयाल ने बताया कि जांच में उदयराज कन्नौजिया का वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर दाखिल किया गया नामांकन पत्र अवैध पाया गया। क्योंकि बाइलाज में है कि 20 वर्ष का वकालत करने का अनुभव रखने वाले ही वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर चुनाव लड़ सकते हैं। चूंकि उदयराज कन्नौजिया को 20 वर्ष का वकालत अनुभव प्राप्त नहीं था। ऐसी दशा में नामांकन पत्र अवैध पाया गया। अब वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद रिक्त हो गया है। जिस पर चुनाव बाद में कराया जाएगा। चुनाव कमेटी के सदस्यों के अनुसार अब अध्यक्ष पद पर राजमणी यादव और छोटेलाल निडर, महामंत्री पद पर राजनारायन और अवधेश सिंह तथा कोषाध्यक्ष पद अखिलेश चंद्र और रविनाथ मिश्र के बीच अब सीधी चुनावी जंग होना निश्चित है। 21 जनवरी को मतदान कराया जाएगा। जबकि कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद नामांकन दाखिल करने वाले अंबरीष कुमार, पुस्तकालयाध्यक्ष पद पर अमृत लाल यादव, आय-व्यय निरीक्षक पद पर संजय यादव, मीडिया प्रभारी पद पर आनंद कुमार श्रीवास्तव, सहमंत्री पद पर अनिल सोनकर, इंद्रजीत और रमेश कुमार यादव का नामांकन पत्र वैध पाए जाने पर निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं।