जौनपुर। जफराबाद थाना क्षेत्र के महरूपुर गांव से लापता शिक्षामित्र प्रवेश सिंह बंटी का शव बुधवार को लाइनबाजार थाना क्षेत्र के जेसीज चौराहे के निकट खंडहर में तब्दील शौचालय में मिला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महरूपुर गांव निवासी प्रवेश सिंह बंटी गांव के प्राथमिक विद्यालय पर शिक्षामित्र के पद पर तैनात थे। उनके छोटे भाई टीडी कालेज के निकट छात्र बुक डिपो नाम से बुक स्टॉल चलाते हैं। बंटी पांच फरवरी को घर से निकले थे। तभी से पता नहीं चला तो थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पुलिस छानबीन में ही जुटी थी कि बुधवार की शाम जेसीज चौराहे के निकट खंडहर में तब्दील शौचालय से दुर्गंध उठती देख किसी ने पास में जाकर देखा तो वहां युवक का शव पड़ा था। सूचना पर लाइनबाजार और जफराबाद थाने की पुलिस भी पहुंच गई। शव की पहचान होने पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष लाइनबाजार योगेंद्र बहादुर यादव का कहना है कि मृतक नशे का आदती था। जहां उसका शव मिला हैं, वहां नशेड़ियों का जमावड़ा भी रहता है। संभावना है कि अधिक शराब पीने की वजह से उसकी मौत हुई होगी।