जौनपुर। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डा. संजय निषाद ने कहा कि निषाद समाज को नेता विहीन करने का पाप समाजवादी पार्टी पर है। वह शुक्रवार को बूढूपुर गांव में भाजपा तथा निषाद पार्टी गठबंधन के प्रत्याशी रमेश सिंह के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित कर रहे थे। समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में लूटपाट और अपराधीकरण के लिए सपा बेचैन है।
इतना ही नहीं, सपा, बसपा तथा कांग्रेस रूपी रावण का अंत यूपी से तय है। उन्होंने अपील की कि जिस तरह निषादराज ने भगवान राम की नैया पार की थी, उसी तरह आप लोग भी रमेश सिंह को जिताकर शाहगंज में 20 साल से जनता का हक खाने वालों को बाहर का रास्ता दिखाएं। चुनाव बाद बाबा की सरकार फिर से बन रही है किसी के बहकावे में न आएं। लड़ाई अस्सी बनाम बीस की है। अस्सी में हम हैं बाकी 20 में सब लड़ रहे हैं। उधर, रामगढ़ में चुनावी सभा को संबोधित करते हुए डॉ. संजय निषाद ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव में सपा बसपा का सफाया हो जाएगा और एक बार फिर योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश में एनडीए की सरकार बनेगी।