फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Jaunpur News: दुकान और वाहन स्टैंड बने सार्वजनिक शौचालय, कई पर लटके ताले

विज्ञापन
कलेक्ट्रेट मुख्य गेट के बगल सामुदायिक शौचालय में चल रही दुकान।संवाद
विज्ञापन
शहरवासियों की सुविधा के लिए नगर पालिका की ओर से बनाए गए करीब 24 सामुदायिक शौचालय बदहाली का शिकार हैं। लाखों रुपये खर्च कर बनाए गए इन शौचालयों की नियमित देखरेख न होने से अधिकांश या तो बंद पड़े हैं, या फिर गंदगी से अटे हुए हैं। कुछ स्थानों पर शौचालयों का व्यावसायिक उपयोग हो रहा है तो कहीं उनके रास्ते पर वाहन खड़े कर दिए गए हैं। करीब पांच लाख की आबादी वाले शहर में सार्वजनिक शौचालयों की यह स्थिति लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है।
विज्ञापन

संवाद न्यूज एजेंसी की पड़ताल में कई सामुदायिक शौचालयों पर ताले लटके मिले, जबकि कुछ स्थानों पर सफाई व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त दिखी। कलेक्ट्रेट के मुख्य गेट के बगल स्थित शौचालय के प्रवेश मार्ग पर गुटखा-सिगरेट की दुकान संचालित हो रही है। हैरानी की बात यह है कि इसी रास्ते से प्रतिदिन प्रशासनिक अधिकारी गुजरते हैं, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। वहीं जिला जेल के पीछे बने शौचालय के सामने दोपहिया वाहनों का स्टैंड बना दिया गया है, जिससे लोगों को शौचालय तक पहुंचने में दिक्कत होती है।
केस-1 : टीबी अस्पताल के पास चार महीने से बंद शौचालय
शहर के टीबी अस्पताल के समीप स्थित सामुदायिक शौचालय पिछले करीब चार माह से बंद पड़ा है। आसपास अस्पताल, कपड़ों के शोरूम और अन्य प्रतिष्ठान होने से यहां पूरे दिन लोगों की आवाजाही रहती है। स्थानीय निवासी दिनेश, सौरभ और विवेक ने बताया कि शौचालय बंद होने से राहगीरों और मरीजों के परिजनों को काफी परेशानी उठानी पड़ रही है।
विज्ञापन

केस-2 : मातापुर में पांच माह से लटका है ताला
जौनपुर-वाराणसी मार्ग स्थित मातापुर का सामुदायिक शौचालय पिछले पांच माह से अधिक समय से बंद है। यह व्यस्त मार्ग होने के कारण यहां दिनभर लोगों का आना-जाना लगा रहता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय पर ताला लटकने से इसका कोई उपयोग नहीं हो पा रहा है। दयाराम, मयंक तिवारी और विमलेश सहित अन्य लोगों ने नगर पालिका से इसे जल्द चालू कराने की मांग की है।
केस-3 : कलीचाबाद तिराहे का शौचालय कभी खुला ही नहीं
कलीचाबाद तिराहे के समीप बना सामुदायिक शौचालय निर्माण के बाद से अब तक शुरू नहीं हो सका है। इस मार्ग से प्रतिदिन कलीचाबाद, नईगंज, बक्शा समेत कई क्षेत्रों के लोग गुजरते हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि शौचालय आज तक नहीं खुला, जिससे राहगीरों को खुले में शौच जाने की मजबूरी बनी रहती है।
केस-4 : यूरिनल में गंदगी और बदबू से लोग परेशान
पॉलिटेक्निक स्थित सामुदायिक शौचालय के पास बने यूरिनल में लंबे समय से सफाई नहीं हुई है। यूरिनल में कंकड़-पत्थर भरे होने से उसका उपयोग संभव नहीं है और आसपास दुर्गंध फैली रहती है। वहीं जौनपुर जंक्शन के सामने बने शौचालय के यूरिनल का पाइप टूटा होने से लगातार गंदगी फैली रहती है। इसके कारण लोग उसका इस्तेमाल करने से बचते हैं।

शहर के सभी सामुदायिक शौचालयों को संचालित रखने के निर्देश दिए गए हैं। जो शौचालय बंद हैं, उन्हें शीघ्र चालू कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं। - धर्मराज राम, ईओ नगर पालिका, जौनपुर।

कलेक्ट्रेट मुख्य गेट के बगल सामुदायिक शौचालय में चल रही दुकान।संवाद

कलेक्ट्रेट मुख्य गेट के बगल सामुदायिक शौचालय में चल रही दुकान।संवाद

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें