शीतला चौकियां धाम में सोमवार को लाल-पीली साड़ी और लाल चुनरी में सजीं मां शीतला की प्रतिमा का भव
धर्मापुर। शक्तिपीठ शीतला चौकियां धाम में सोमवार को मां शीतला का भव्य शृंगार किया गया। लाल और पीले रंग की साड़ी एवं लाल चुनरी से मां का शृंगार किया गया। लाल गुलाब, गुलदावरी, अड़हुल और गेंदा के फूलों से बनी मालाओं से दरबार को सजाया गया।
साप्ताहिक शृंगार के दौरान मंदिर परिसर में मौजूद श्रद्धालुओं ने मां शीतला का जयकारा लगाया। इस दौरान मां शीतला को बर्फी, लड्डू और पान का विशेष भोग अर्पित किया गया। शृंगार के बाद दोपहर साढ़े तीन बजे पुजारी मुक्तेश्वर पंडा ने विधि-विधान से मां शीतला की आरती की। आरती के पश्चात मंदिर परिसर में उपस्थित श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया। इसके बाद श्रद्धालुओं ने बारी-बारी से मां के दरबार में दर्शन-पूजन किया।
चौकियां धाम के महंत विवेकानंद पंडा ने बताया कि मां शीतला का साप्ताहिक शृंगार प्रत्येक सोमवार को दोपहर में किया जाता है। इस परंपरा का निर्वहन वर्षों से होता आ रहा है। सोमवार को हुए साप्ताहिक शृंगार के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे और माता के दरबार में माथा टेका।