जौनपुर। सपा नेता, सभासद बाला लखंदर हत्याकांड का आरोपी जयदीप प्रकाश गायकवाड़ के पुलिस को चकमा देकर पेशी के दौरान फरार हुए 24 घंटे बीत गए इसके बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं। हालांकि अभी तक मामले में चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। एसपी ने पहले ही इसमें इंस्पेक्टर, हेड कांस्टेबल को निलंबित कर दिया वहीं दो सिपाहियों की जांच के आदेश दे दिए हैं।
बता दें कि एक फरवरी 2021 की रात साढ़े आठ बजे बदमाशों ने सिटी स्टेशन के प्लेटफॉर्म-1 पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर सैदनपुर गांव के निवासी बाला लखंदर यादव को मौत के घाट उतार दिया था। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मड़ियाहूं के ब्लॉक प्रमुख समेत तीन लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दी थी। जीआरपी पुलिस की जांच में बाला को मौत की नींद सुलाने वाला सैदनपुर गांव निवासी ओमचंद्र गुप्ता उर्फ पवन, उमेश गौड़, मड़ियाहूं थाना क्षेत्र के रामपुरनदी गांव निवासी रितेश सिंह व महाराष्ट्र के सोलापुर के जयदीप प्रकाश गायकवाड़ को 10 फरवरी 2021 को गिरफ्तार करके जेल भेज दिया। पुलिस अभिरक्षा में शुक्रवार को जयदीप प्रकाश गायकवाड़ को दीवानी न्यायालय में पेशी के लिए लाया गया था, जहां वह पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
.....................................
वर्जन ...
फरार हत्यारोपी की तलाश में टीमें गठित की गई हैं। जगह-जगह दबिश दी जा रही हैं। अभी तक चार को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
-डॉ. अजयपाल शर्मा, पुलिस अधीक्षक, जौनपुर।