लाइन बाजार थाना क्षेत्र के नाथूपुर रेलवे क्रासिंग का डीजे वाहन के धक्के से टूटा बूम। संवाद
जफराबाद। क्षेत्र के नाथूपुर रेलवे क्रॉसिंग का बूम सोमवार की रात को डीजे वाहन की टक्कर से टूट गया। इसके चलते वाहन चालकों को काफी परेशानी हुई। इसे दो घंटे बाद मरम्मत कराकर आरपीएफ के जवानों ने वाहनों का आवागमन सुचारु कराया। पुलिस ने मामले में डीजे वाहन को चिह्नित करके डीजे वाहन संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई है।
लाइन बाजार थाना क्षेत्र के समीप जगदीशपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ओवरब्रिज का निर्माण हो रहा है। इसके चलते बाइक को छोड़ सभी वाहनों को नाथूपुर रेलवे क्रॉसिंग से निकाला जा रहा है। इस क्रॉसिंग पर वाहनों का आवागमन बहुत अधिक बढ़ गया है। सोमवार शाम सात बजे एक डीजे वाहन की टक्कर से क्रॉसिंग का बूम टूट गया। गेटमैन ने स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार को सूचना दी। उन्होंने आरपीएफ के जवानों को वाहनों के संचालन के लिए भेजवाया। उसके अलावा मेंटनेंस विभाग को बूम ठीक करने को कहा। 9.10 बजे पर बूम ठीक हुआ। स्टेशन अधीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि बूम टूटने से हिमगिरि एक्सप्रेस, सुहेलदेव एक्सप्रेस, सुल्तानपुर पैसेंजर व तीन मालगाड़ियों को 5 से 15 मिनट का प्रभाव पड़ा। आरपीएफ प्रभारी प्रभुनारायण सिंह ने बताया कि बूम तोड़ने वाले डीजे वाहन को चिन्हित कर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।