लाइन बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक संजय वर्मा ने बताया कि सुबह आरोपी शिक्षक को पाक्सो कोर्ट के न्यायालय में पेश करके दोपहर करीब दो बजे जिला कारागार भेज दिया गया। प्राचार्य ने बताया कि लाइन बाजार थाने से रिपोर्ट आने के बाद शिक्षक को निलंबित कर दिया जाएगा। अश्लील वीडियो जांच कमेटी समेत काॅलेज की सभी कमेटियों से बाहर कर दिया गया है।
एलएलबी के जिस शिक्षक पर बुधवार को बालक से अप्राकृतिक दुष्कर्म करने का आरोप लगा और उसके खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ, वह छात्रा से अश्लील बातचीत के वायरल वीडियो मामले में जांच कमेटी का सदस्य भी बताया गया है। इस घटना के बाद वह जांच कमेटी का सदस्य रहेगा या नहीं, यह प्रबंध समिति ही तय करेगी। बहरहाल, कॉलेज के प्राचार्य ने आरोपी शिक्षक को जेल भेजने के बाद कॉपी आने पर कार्रवाई करने की बात कही है।
25 मई को डिग्री कॉलेज में प्राचीन इतिहास विभाग के एचओडी डॉ. प्रदीप सिंह का एक छात्रा से अश्लील बातचीत का वीडियो वायरल हुआ था। इस मामले को स्वत: संज्ञान लेते हुए पुलिस ने आरोपी प्रदीप सिंह के खिलाफ लाइन बाजार थाने में मुकदमा दर्ज किया। इसके बाद कॉलेज प्रबंध समिति की बैठक बुलाई गई।
बैठक में लिए गए निर्णय के अनुसार आरोपी प्रोफेसर प्रदीप सिंह को निलंबित कर दिया गया। साथ ही पांच सदस्यीय जांच कमेटी भी बनाई गई। जांच कमेटी का संयोजक ओम प्रकाश सिंह को बनाया गया। इसमें अरुण कुमार चतुर्वेदी, आभा सिंह या सुषमा सिंह, संतोष कुमार सिंह व श्रद्धा सिंह को शामिल किया गया। इस कमेटी को जांच करके 15 दिन में रिपोर्ट देनी है।