जौनपुर। कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए पांच से 12 साल के बच्चों को कोविड-19 की टीका लगाने की तैयारी पूरी हो चुकी है। जिले के 93 स्वास्थ्य इकाइयों पर टीका लगाने की तैयारी है। प्राथमिक विद्यालय के साथ दूसरे विद्यालयों में पढ़ाई कर रहे बच्चों को टीका लगाने के लिए शासन से अनुमति मिलने का इंतजार है। अकेले परिषदीय विद्यालयों में शिक्षा ग्रहण कर रहे 450579 बच्चों का टीकाकरण किया जाना है।
स्वास्थ्य विभाग की माने तो 5 से 12 साल करीब आठ लाख बच्चों को कोविड-19 का टीका लगाने का लक्ष्य है। जिन स्वास्थ्य इकाइयों पर पहले से टीकाकरण चल रहा था। उन्हीं केंद्रों पर टीका लगाने की तैयारी चल रही है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डा. नरेंद्र कुमार सिंह का कहना है कि हर उम्र के लोगों को टीका लगाकर सुरक्षित कर दिया गया है। अब बच्चों को सुरक्षित करने की तैयारी है। शासन के निर्देश के बाद पांच से 12 साल के बच्चों के टीकाकरण के लिए खाका तैयार कर लिया गया है। टीकाकरण के लिए शासन की ओर से निर्देश जारी होने के बाद वैक्सीन लगाने का काम शुरू कर दिया जाएगा। जिले के सभी सीएचसी, पीएचसी और हेल्थ वेलनेस सेंटरों पर टीकाकरण का कार्य शुरू करने के लिए स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रशिक्षण दे दिया गया है। बच्चों को स्वास्थ्य केंद्रों पर सीधे टीका लगाने की तैयारी है। उन्होंने कहा कि विद्यालयों में भी स्वास्थ्य टीम भेजकर टीका लगाया जाएगा। इसके लिए 253 टीमें गठित की गई हैं। जो स्कूल पर पहुंच कर वैक्सीनेशन का कार्य करेंगी।
स्कूलों में पहुंच कर स्वास्थ्य टीमें 5 से 12 वर्ष के बच्चों को टीका लगाएंगे। आंगनबाड़ी, ाशा घर-घर पहुंचकर अभिभावकों से बच्चों को टीका लगवाने की अपील कर रहे हैं। शीघ्र ही बच्चों के टीकाकरण का कार्य शुरू कराने की उम्मीद है। - डा. नरेंद्र कुमार सिंह, डीआईओ