जौनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा को लेकर केंद्रों पर अभी तैयारी पूरी नहीं हुई है। चाहे सीसीटीवी हो या फिर स्ट्रांग रूम की व्यवस्था हो। साफ सफाई की हालत भी ठीक नहीं है। मंगलवार की उपमंडलीय निदेशक व राज्य स्तरीय नोडल कोमल यादव के निरीक्षण में खामी पाई गई। उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को चेतावनी दी की यदि व्यवस्था नहीं सुधरी तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान सात परीक्षा केंद्रों की खराब पाई गई।
जिले के नोडल अधिकारी व मिर्जापुर मंडल के डीडीआर कोमल यादव ने मंगलवार को जिले के सात परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा केंद्रों पर तैयारी आधी-अधूरी मिली। कहीं एक ही सीसी टीवी कैमरा लगा मिला तो कहीं स्ट्रांग रूम की हालत ठीक नहीं है। किसी केंद्र पर तो गंदगी का माहौल मिला। डीडीआर ने डीआईओएस अशोक नाथ तिवारी से कहा कि वह केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश जारी कर व्यवस्था को ठीक कराएं। मंगलवार को डीडीआर कोमल यादव ने जीजीआईसी, शिया इंटर कालेज, राज इंटर कालेज, जीजीआईसी जफराबाद, हरगोविंद इंटर कालेज जफराबाद, केपी पांडेय इंटर कालेज जफराबाद केंद्र का निरीक्षण किया। इन केंद्रों पर स्थिति बेहद खराब मिली। केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि दो दिन के अंदर अपनी व्यवस्था सुधार लें, अन्यथा दोबारा जांच में तैयारी पूरी नहीं मिली तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीडीआर के जांच से मंगलवार को अन्य परीक्षा के केंद्र व्यवस्थापकों में अफरा-तफरी का माहौल रहा।