खेतासराय। पौने चार माह पूर्व क्षेत्र के पोरईखुर्द गावं में हुए रामवृक्ष हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए । सगे भाई समेत दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस हत्या के पीछे आशनाई और पारिवारिक विवाद बता रही है ।
सोमवार को सीओ शाहगंज अजय श्रीवास्तव ने बताया कि एक जून को क्षेत्र के पोरईखुर्द गावं में बृज मोहन गौड़ के टयूबवेल की खाली टंकी में पोरईकलां निवासी रामवृक्ष का अधजला नग्न शव मिला था । हत्यारों ने हत्या के बाद लाश जलाने की भी कोशिश की थी । पुलिस अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर छानबीन कर रही थी । विवेचना के दौरान पुलिस को पता चला कि पोरई खुर्द का रहने वाला जैतू राजभर ओझाई का काम करता है। रामवृक्ष के परिवार की एक युवती उसके यहां अक्सर आती थी। इसी बात पर दोनों भाइयों में अक्सर झगड़ा होता था । आए दिन के झगड़ा से आजिज आकर गांव निवासी जैतू राजभर और सगे भाई रामचेत ने रामवृक्ष को रास्ते से हटा देने की योजना बना डाली । हत्या से 15 दिन पूर्व भी रामवृक्ष को जहर देकर मारने की कोशिश हुई थी। मगर किसी पशु ने उसे खा लिया था और रामवृक्ष बच गया। सीओ ने बताया कि विवेचना में चार लोगों के नाम सामने आए हैं। उनमें से दो आरोपी जैतू राजभर निवासी पोरईखुर्द व रामचेत चौरसिया निवासी पोरईकलां को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया।