जौनपुर। बिजली विभाग की महिमा निराली है। कागज पर मुहल्ले का विद्युतीकरण किया गया। बगैर बिजली पहुंचाए उपभोक्ताओं के घरों में मीटर टांग दिए गए। ढिबरी की रोशनी में रात काट रहे इन परिवारों को अब हजारों रुपये का बिल थमा दिया गया है। अफसर अपने विभाग और ठेकेदार के इस मनमानी का जिम्मा उपभोक्ता पर डालते हुए कह रहे हैं कि यदि गलती से बिल जारी हुआ है तो शिकायत करने पर उसे खत्म कर दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने इस मामले में कार्रवाई के आदेश दिए हैं।
पं दीनदयाल उपाध्याय विद्युतीकरण योजना के तहत हर टोले-मजरे में वर्ष 2019 तक बिजली पहुंचानी थी। जिले में ऐसे पांच सौ से अधिक टोले चिह्नित किए गए थे, जहां बिजली पहुंचानी थी। विभाग समय से तार तो नहीं खींच पाया लेकिन सौभाग्य योजना के तहत बीपीएल श्रेणी के परिवारों को कनेक्शन जरूर जारी कर दिया। कार्यदायी संस्था ने भी विद्युतीकरण का आंकड़ा दुरुस्त करने के लिए बिना तार-पोल खींचे ही उनके घरों में मीटर भी लगा दिए। कनेक्शन के लिए परिवार के मुखिया का आधार कार्ड लेकर उन्हें आश्वस्त किया कि जल्द उनके घरों में बिजली पहुंच जाएगी। मीटर के साथ उपभोक्ता का फोटो भी खींची गई। मगर एक साल बाद भी काम नहीं पूरा हुआ। अब उपभोक्ताओं के पास हजारों रुपये के बकाए का बिल भेज दिया गया है। केराकत, डोभी, महराजगंज, बक्शा, बदलापुर, सुजानगंज ब्लाकों के तमाम गांव में ऐसी गड़बड़ियां हुई हैं। बिजली विभाग के ठेकेदार और अभियंताओं की मिलीभगत से हुई गड़बड़ी का खामियाजा उपभोक्ताओं को भुगतना पड़ रहा है। वे बिजली विभाग के दफ्तर और अफसरों के चक्कर लगाकर परेशान हैं।
बिल भेज दिया, अब सुन नहीं रहे
डोभी ब्लाक के मझिली गांव निवासी कमला देवी पत्नी कुबेर यादव को सौभाग्य योजना के तहत कनेक्शन दिया गया। मीटर भी लगा दिया गया लेकिन लाइन नहीं जोड़ी गई। बिना बिजली का उपभोग किए ही उन्हें 4068 रुपये का बिल भेज दिया गया है। इसी गांव की आशा देवी पत्नी लोरिक यादव का बिल 5148 रुपये का है। उनके घर भी सौभाग्य योजना में मीटर लगा था, लेकिन कनेक्शन नहीं हुआ। गांव के विजयी राजभर समेत तमाम लोग इसी तरह की समस्या से जूझ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि वे अफसरों के पास जाते हैं लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है।
कुछ क्षेत्रों में ऐसी दिक्कत हुई है। जिनका भी बिना पोल के कनेक्शन हुए बिल पहुंच रहा है, ऐसे लोग विभाग के कार्यालय में शिकायत करें, उनका बिल निरस्त कर दिया जाएगा। साथ ही जल्द से जल्द कनेक्शन जोड़ा जाएगा। -एके मिश्रा, अधीक्षण अभियंता।
बिना तार-पोल लगे ही बिजली का बिल आने की शिकायत प्राप्त हुई है। संबंधित अभियंता को इस मामले में जिम्मेदार तय करते हुए सख्त कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है। जिनके भी गलत बिल आए हैं, उसे एक सप्ताह में निरस्त करने को कहा गया है। -दिनेश कुमार सिंह, जिलाधिकारी