उपचार के दौरान मौत, शव चौराहे पर रखा
चेती चौराहे पर हंगामे के बाद डाक्टर पर हुआ मुकदमा
अमर उजाला ब्यूरो
सुजानगंज। स्थानीय थाना क्षेत्र के पोखरा गांव निवासी एक व्यक्ति की उपचार के दौरान गुरुवार की देर शाम मौत हो गई। जिससे गुस्साएं परिजनों ने चेती चौराहे पर शव रखकर जमकर हंगामा किया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही पुलिस ने मृतक के पुत्र की तहरीर पर चिकित्सक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पोखरा गांव निवासी राम आसरे बिंद की सोमवार को बूखार था। इसके बाद परिजनों ने उसे इलाज हेतु चेती चौराहे पर स्थित डाक्टर मुन्ना बिन्द के प्राइवेट क्लीनिक पर ले गए जहां उन्होंने एक इंजेक्शन लगाया। कुछ देर बाद मरीज की हालत और बिगड़ने लगी। जब परिजन दुबारा क्लीनिक पर ले गए तो उक्त डॉक्टर ने एक हजार रुपये देकर बाहर इलाज हेतु जाने की सलाह दी।परिजनों ने तुरंत मरीज को प्रयागराज स्थित स्वरुप रानी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि गलत इंजेक्शन के प्रयोग के कारण स्थिति गंभीर हो गई है। जिसके बाद गुरुवार को देर शाम उसकी मौत हो गई। मौत के बाद परिजन शव को प्रयागराज से गांव लेकर आये। इसके बाद चेती चौराहा पर शव को रखकर डॉक्टर के खिलाफ हंगामा शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी बदलापुर राजेंद्र कुमार, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण संजय राय सहित कई थानों की पुलिस पहुंच गई। परिजनों को समझा बुझाकर शांत कराया। साथ ही डाक्टर मुन्ना बिंद के विरुद्घ मुकदमा दर्ज किया गया। थानाध्यक्ष संतोष कुमार पाठक ने बताया मृतक के पुत्र मनोज बिंद की तहरीर पर डाक्टर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।