जौनपुर। जनपद की सभी तहसीलों में सोमवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। डीएम सैमुअल पॉल एन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में कार्यक्रम संपन्न हुआ, जहां फरियादियों ने विभिन्न समस्याओं को लेकर शिकायतें दर्ज कराईं।
जिले भर में कुल 1100 से अधिक शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें भूमि विवाद, चकमार्ग, अवैध कब्जा और रास्ता अवरोध से संबंधित मामले प्रमुख रहे। कलेक्ट्रेट में आयोजित कार्यक्रम में ग्राम मई निवासी शिवशंकर गोसाई ने तालाब और चकमार्ग की भूमि से अवैध कब्जा हटवाने की मांग की, जबकि जमैथा निवासी छोटेलाल ने चक सीमांकन के लिए प्रार्थना पत्र दिया। कादीपुर निवासी हरिश्चंद्र ने रास्ता अवरुद्ध किए जाने की शिकायत की। यहां कुल 87 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से केवल 7 का निस्तारण मौके पर किया जा सका।
शाहगंज तहसील सभागार में सीआरओ अजय कुमार अंबष्ट की अध्यक्षता में 164 शिकायतें दर्ज हुईं, जिनमें 17 का मौके पर निस्तारण किया गया।
बदलापुर तहसील में एसडीएम रानी गरिमा जायसवाल के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अधिवक्ता मनोज तिवारी ने 2024 से लंबित 50 से अधिक प्रार्थना पत्रों के बावजूद गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने का आरोप लगाया। यहां 52 शिकायतों में से 6 का ही मौके पर निस्तारण हो सका, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को सौंप दिया गया।
मछलीशहर तहसील में एसडीएम अजय कुमार उपाध्याय की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में सबसे अधिक 349 शिकायतें दर्ज की गईं, लेकिन किसी भी शिकायत का मौके पर निस्तारण नहीं हो सका। एसडीएम ने राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम गठित कर मौके पर जाकर विवादों के निस्तारण के निर्देश दिए।
केराकत तहसील में एसडीएम सुनील भारतीय की अध्यक्षता में 235 फरियादियों ने शिकायतें दर्ज कराईं, जिनमें से केवल 12 का निस्तारण मौके पर किया गया।