करंजाकला। पूर्वांचल विश्वविद्यालय ने राष्ट्र गौरव और पर्यावरण विषय में फेल छात्रों को एक अवसर दे दिया है। विषय से संबंधित छात्र फार्म भरकर अपना परीक्षाफल पूर्ण कर सकेंगे। दो दिन के लिए ऑनलाइन आवेदन करने का प्रारूप जारी कर दिया।
स्नातक में सैकड़ों ऐसे छात्र थे, जो संपूर्ण परीक्षाफल में पास है, लेकिन राष्ट्र गौरव और पर्यावरण में फेल हो गए थे। इनके चलते अगली कक्षाओं में प्रवेश नहीं ले पा रहे थे। कुछ अनुपस्थित और फेल थे, ऐसे छात्रों को पूर्वांचल विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. निर्मला एस मौर्य ने छात्र हित को देखते हुए आवेदन भरने का एक अवसर दिया है। राष्ट्र गौरव और पर्यावरण में किसी कारण से लटके छात्र ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इसके लिए पूर्वांचल विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर परीक्षा आवेदन जारी कर दिया गया है। जो 12 फरवरी से लेकर 13 फरवरी तक भरे जाएंगे। प्रति पेपर 600 रुपये शुल्क जमा करना होगा। आवेदनों को सत्यापित कराकर कॉलेज में जमा करना होगा या फिर 14 फरवरी तक परीक्षा विभाग में जमा करना होगा। इस बारे में परीक्षा नियंत्रक बीएन सिंह ने बताया कि सभी जानकारी विद्यालय की वेबसाइट पर अपलोड है।