मड़ियाहूं रोड पर सोइथा गांव के पास दुर्घटना के बाद सड़क जाम करते लोग।
जौनपुर-मिर्जापुर मार्ग पर मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सोइथा गांव के पास गुरुवार को ट्रक की चपेट में आने से युवक की मौत हो गई। घटना से गुस्साए लोगों ने ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया और सड़क जाम कर दिया। पुलिस ने समझाकर किसी तरह जाम समाप्त करवाया।
उधर मुंगराबादशाह पुर में मारुति कार की चपेट में आने से बाइक सवार मां बेटे घायल हो गए। मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के सोइथा गांव निवासी विजय यादव (22) दोपहर में घर से पैदल अपने होटल पर जा रहा था। होटल गांव में सड़क किनारे है। होटल के सामने ही सड़क पार करते समय वह मड़ियाहूं की तरफ से आ रहे बालू लदे ट्रक की चपेट में आ गया।
घायल युवक को जिला अस्पताल पहुंचाया गया जहां हालत नाजुक देख डाक्टर ने वाराणसी रेफर कर दिया। वाराणसी जाते समय रास्ते में मौत हो गई। घटना से आक्रोशित लोगों ने ट्रक को क्षतिग्रस्त कर दिया और सड़क को जाम कर दिया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया और लोगों को समझा बुझाकर जाम समाप्त करवाया।
उधर पवांरा गांव निवासी निर्मला देवी (50) अपने पुत्र आलोक (30) के साथ बाइक से कहीं जा रहीं थी। मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्र के गड़िया गांव के निकट मारुति कार से आमने सामने की टक्कर हो गई। जिसमें दोनो घायल हो गए। दोनों को पीएचसी में भर्ती कराया गया। पुलिस ने चालक को हिरासत में ले लिया है।