जौनपुर। पूर्वांचल विश्वविद्यालय के स्नातक प्रथम सेमेस्टर की मुख्य परीक्षा और प्रैक्टिकल अभी खत्म नहीं हुआ है। दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई हैं। विवि की मुख्य परीक्षाएं अभी जून के पहले सप्ताह चल चलेंगी। इसी बीच, विवि प्रशासन ने दूसरे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 17 मई से ऑनलाइन आवेदन मांगा है। अभी कई विषयों के स्नातक की परीक्षाएं होनी हैं।
प्रैक्टिकल की परीक्षाएं अभी चल रही हैं। छात्रों को पता भी नहीं है कि वह पहले सेमेस्टर की परीक्षा में पास होंगे या नहीं, इसी बीच द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए ऑनलाइन आवेदन तैयार की तय कर पूविवि के वेबसाइट पर अपलोड कर दिया गया है। पूर्वांचल विश्वविद्यालय प्रशासन ने विवि से संबद्ध महाविद्यालयों में संचालित स्नातक द्वितीय सेमेस्टर के आनलाइन परीक्षा फॉर्म भरने की तिथि घोषित कर दिया है। परीक्षा के लिए 17 से 26 मई तक ऑनलाइन आवेदन लिए जाएंगे। परीक्षा नियंत्रक वीएन सिंह का कहना है कि स्नातक बीए, बीएससी, बीकॉम और बीपीई के छात्र-छात्राओं की द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा के लिए 17 मई से आवेदन भरे जाएंगे। ऑनलाइन भरे गए फार्मों का सत्यापन एवं संशोधन 27 से 28 मई तक किया जाएगा। ऑनलाइन किए गए फार्मों को महाविद्यालय द्वारा समस्त शुल्क लॉगइन ऑनलाइन विश्वविद्यालय के खाते में जमा करने की तिथि 30 से 31 मई तक तय की गई है। विश्वविद्यालय में परीक्षा फार्म की हार्ड कॉपी नॉमिनल रोल जमा करने एवं शुल्क सत्यापन करने की तिथि गाजीपुर जिले के कालेजों के लिए एक से 2 जून तक, जौनपुर के लिए तीन से चार जून तक निर्धारित की गई है। उन्होंने कहा कि द्वितीय सेमेस्टर की परीक्षा आवेदन के लिए विश्वविद्यालय की वेबसाइट पर कार्यक्रम अपलोड कर दिया गया है।