सुजानगंज थाना क्षेत्र के नगौली गांव के समीप सोमवार की रात करीब आठ बजे दो बाइक सवार आमने-सामने टकरा गए। इस हादसे में एक बाइक सवार की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
धरमपुर निवासी दिनेश कुमार पटेल (24) पुत्र गुरू प्रसाद अपनी बाइक से मुंगराबादशाहपुर गए थे। वह शाम को वापस लौटे रहे थे। रात करीब आठ बजे नगौली के पास पहुंचे थे, तभी सामने से बाइक पर आ रहे सैदानी निवासी निवासी सुरेंद्र कुमार पुत्र ननकू राम गौतम से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस हादसे में सुरेंद्र की बाइक पर पीछे बैठे लल्लू पुत्र हरि लाल निवासी सैदानी भी घायल हो गए। लोग आनन-फानन में सभी को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। जहां चिकित्सकों ने दिनेश कुमार पटेल को मृत घोषित कर दिया, जबकि सुरेंद्र कुमार और लल्लू की हालत नाजुक देख जिला अस्पताल रेफर कर दिया। दोनों बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे। इस संबंध में थानाध्यक्ष पवन कुमार उपाध्याय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।