केराकत कोतवाली क्षेत्र के बकुलिया बाजार में चोरी के मामले की जांच करती पुलिस।
- फोटो : JAUNPUR
केराकत कोतवाली क्षेत्र के बकुलिया बाजार में चोरों ने एक मोबाइल की दुकान से डेढ़ लाख रुपये के सामान चुरा लिए। लॉक डाउन के कारण बंद चल रही दुकान में रविवार को दुकानदार सफाई के लिए पहुंचा तो उसे चोरी की जानकारी हुई। सूचना पर पहुंची पुलिस और डॉग स्क्वायड ने छानबीन की। कोई सुराग नहीं मिल पाया है।
ग्राम नोनमटिया निवासी संजय यादव की बकुलिया बाजार में मोबाइल फोन की दुकान है। लॉक डाउन कारण दुकान बंद चल रही है। रविवार को दोपहर बाद वह दुकान में साफ-सफाई के लिए पहुंचा। दुकान खोला तो अंदर का दृश्य देख सन्न रह गया। संजय के मुताबिक दुकान में रखा 50 मोबाइल फोन, एक प्रिंटर, एक लैपटॉप, मोबाइल बैटरी, चार्जर सहित अन्य सामान गायब थे।
गायब सामान की कीमत करीब डेढ़ लाख रुपये बताई जा रही है। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। दुकान के पिछले दरवाजे का ताला टूटा हुआ था। डॉग स्क्वायड ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन की। खोजी कुत्ता कुछ दूर तक गांव की ओर जाकर रुक गया। कोतवाल बिंदकुमार ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की छानबीन की जा रही है।