खुटहन। बेसहूपुर गांव में मंगलवार की सुबह पुरानी रंजिश में हुई मारपीट और फायरिंग में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ के बाद उसका चालान कर दिया गया। उधर, गोली लगने से घायल युवती की हालत खतरे से बाहर है।
गांव निवासी हरिश्चंद्र तिवारी और पड़ोसी सभाशंकर तिवारी के बीच पुरानी रंजिश है। मंगलवार की सुबह सभाशंकर खेत की सिंचाई के लिए हरिश्चंद्र के घर के सामने लगे खड़ंजे का ईंट उखाड़ रहे थे। इसे लेकर दोनों पक्षों में मारपीट हो गई। इसी दौरान फायरिंग में कविता (18) पुत्री श्रीचंद्र घायल हो गई। उसे वाराणसी में भर्ती कराया गया था। ऑपरेशन के बाद गोली बाहर निकाल दी गई। उसकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। इस मामले में श्रीचंद्र की तहरीर पर पुलिस ने सभाशंकर सहित पांच लोगों के खिलाफ हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। सभाशंकर को पुलिस ने गांव के पास से गिरफ्तार कर लिया। अन्य आरोपी अभी फरार चल रहे हैं।