36- सिंगरामऊ क्षेत्र के पहितियापुर गांव स्थित पीली नदी में मंगलवार की शाम डूबे युवक के न मिलेन पर स?
- फोटो : JAUNPUR
बक्शा। थाना क्षेत्र के दरियावगंज गांव में बुधवार को पीली नदी पार करते समय वृद्ध किसान तेज बहाव में डूब गया। गोताखोरों की मदद से उसकी काफी तलाश की गई, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली थी।
बक्शा के दरियावगंज निवासी पारसनाथ चौहान (60) का खेत पीली नदी के दूसरी तरफ है। खेत की देखभाल के लिए वह बुधवार को पैदल ही नदी पार कर रहे थे। बहाव तेज होने के कारण असंतुलित होकर नदी में गिर गए। चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग उस ओर दौड़े, मगर तब तक पारसनाथ नदी में डूब चुके थे। मौके पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों की मदद से नदी में वृद्ध की तलाश शुरू कराई, लेकिन देर शाम तक सफलता नहीं मिली।
24 घंटे बाद भी डूबे युवक का नहीं चला पता, चक्का जाम
सिंगरामऊ। क्षेत्र के पहितियापुर गांव में मंगलवार को पीली नदी में डूबे युवक का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं मिला। पुलिस की उदासीनता से गुस्साए ग्रामीणों ने सुबह एक घंटे तक चक्काजाम कर विरोध भी जताया।
पहितियापुर गांव स्थित पीली नदी में मंगलवार की शाम शिवकुमार खरवार (22) नहाते समय नदी में डूब गया था। रात में काफी देर तक तलाश के बाद भी सफलता नहीं मिली। पुलिस की ओर से कोई सहयोग न मिलने से क्षुब्ध परिजन ग्रामीणों के साथ बुधवार की सुबह पीली नदी पुल के पास राजमार्ग पर बैठ गए। दोनों तरफ छोटे बड़े वाहनों की कतार लग गई। प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्र ने जौनपुर से तत्काल गोताखोर बुलवाने का आश्वासन दिए, तब जाकर लोगों ने रास्ता खाली किया। बुधवार की देर शाम तक गोताखोर नदी में डूबे युवक की तलाश में जुटे रहे।