जौनपुर। शहर के एक अधिवक्ता का एक युवती के साथ बातचीत का अश्लील ऑडियो-फोटो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा है। वायरल फोटो में वह युवती के साथ आपत्तिजनक हाल में है। यह अधिवक्ता एक स्कूल के प्रबंधन से भी जुड़े बताए जा रहे हैं और सत्ताधारी दल के नेताओं से भी उनकी नजदीकियां है। हालांकि इस मामले में अब तक किसी ने पुलिस में शिकायत नहीं की है, लेकिन सोशल मीडिया में तेजी से वायरल ऑडियो व फोटो चर्चा में है। वहीं अधिवक्ता के परिवार के लोगों ने इसे साजिश बताया है। उनका कहना है कि जिले के एक बहुचर्चित केस से जुड़कर पैरवी करने से क्षुब्ध होकर विपक्षी लोग साजिश के तहत उनकी छवि बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं। इस बाबत शहर कोतवाल पवन उपाध्याय का कहना है कि ऐसे किसी मामले की कोई तहरीर नहीं मिली है। अगर किसी पक्ष से प्रार्थना पत्र दिया जाता है तो जांच कर कार्रवाई की जाएगी।