बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी के निदेशक वाणिज्य ओपी दीक्षित ने बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में विद्युत निगम के अधिकारियों के साथ बैठक की। इस दौरान उन्होंने बिजली आपूर्ति व्यवस्था के सुधार के लिए हो रहे कार्यों की समीक्षा की। साथ ही अधीनस्थों को हर हाल में बिजली चोरी रोकने का निर्देश दिया।
बैठक में पूर्वांचल विद्युत वितरण निगम वाराणसी के निदेशक वाणिज्य ओपी दीक्षित ने बताया कि जिले में अभी भी तकरीबन 70 हजार उपभोक्ताओं के यहां मीटर नहीं लगे हैं। उन्होंने अधिकारियों को इसकी जांच कर ऐसे उपभोक्ताओं के यहां मीटर लगाने का उन्होंने निर्देश दिया। उन्होंने सभी अधीक्षण अभियंता, एक्सईएन और एसडीओ को हर हाल में सात दिन के अंदर ऐसे उपभोक्ताओं को चिह्नित कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने और मीटर लगवाने का निर्देश दिया। समीक्षा के दौरान उन्होंने कम मीटर रीडिंग होने पर नाराजगी जताई। कहा कि हर हाल में मीटर रीडिंग और बिलिंग के कार्य को गुणवत्ता युक्त किया जाय। उन्होंने चेतावनी दी कि इस कार्य में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने एक मुश्त समाधान योजना के तहत अधिक से अधिक उपभोक्ताओं को जागरूक कर बकाया बिल जमा कराने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में अधीक्षण अभियंता विवेक खन्ना व आरआर सिंह, एक्सईएन एके सिंह, गोपाल सिंह, नजम अहमद, हरीश प्रजापति, रामनरेश, रामअधार, मनोज सिंह, रामानंद मिश्रा सहित सभी एसडीओ मौजूद रहे।