जौनपुर। विकास खंड मड़ियाहूं की ग्राम पंचायत राजमलपुर, लोरिका और बदौवा में औसत से अधिक जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र जारी किए जाने के मामले में सत्यापन में लापरवाही बरतने पर ग्राम विकास अधिकारी मनीष श्रीवास्तव को निलंबित कर दिया गया।
जिला विकास अधिकारी मीनाक्षी देवी के अनुसार, ग्राम विकास अधिकारी को मुख्य चिकित्सा अधिकारी/अपर जिला रजिस्ट्रार (जन्म-मृत्यु) कार्यालय में उपस्थित होकर प्रमाणपत्रों से संबंधित संपूर्ण सत्यापन प्रपत्र उपलब्ध कराने और स्पष्टीकरण प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद उन्होंने संपूर्ण सत्यापन प्रपत्र उपलब्ध नहीं कराया। उच्चाधिकारियों के निर्देश के अनुपालन में अपेक्षित स्पष्टीकरण भी प्रस्तुत नहीं किया गया। इसे उच्चाधिकारियों के आदेशों की अवहेलना और उत्तर प्रदेश सरकारी सेवक आचरण नियमावली, 1956 के नियम-3 का उल्लंघन मानते हुए ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई की गई।