बदलापुर। नगर पंचायत बदलापुर में मुख्यमंत्री वैश्विक नगरोदय योजना के तहत दो प्रमुख विकास कार्यों को स्वीकृति मिली है। वार्ड नंबर 11 भलुआही में दो करोड़ 40 लाख रुपये की लागत से नगर पंचायत कार्यालय भवन का निर्माण कराया जाएगा। वहीं, वार्ड नंबर सात में राजेश तिवारी के मकान से बबाऊ शर्मा के घर तक 65 लाख रुपये की लागत से सीसी रोड बनाई जाएगी। शुक्रवार को दोनों कार्यों की स्वीकृति मिलने की जानकारी होने पर नगरवासियों में खुशी व्याप्त हो गई।
नगर पंचायत अध्यक्ष सीमा सिंह ने बताया कि नगर पंचायत में कार्यालय भवन की लंबे समय से जरूरत महसूस की जा रही थी। इसे देखते हुए शासन को कार्ययोजना बनाकर भेजी गई थी। शासन ने शुक्रवार को कार्यालय भवन के निर्माण के लिए दो करोड़ 40 लाख रुपये और सीसी रोड के लिए 65 लाख रुपये की स्वीकृति प्रदान कर दी। उन्होंने बताया कि नए कार्यालय भवन में अधिशासी अधिकारी कक्ष, अध्यक्ष कक्ष, मीटिंग हॉल समेत अन्य कार्यालय बनाए जाएंगे। भवन बनने के बाद नगर पंचायत की बैठकों और कार्यालय संबंधी कार्यों के लिए पर्याप्त सुविधा उपलब्ध होगी। वहीं, वार्ड सात में सीसी रोड बनने से स्थानीय लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।