शाहगंज (जाैनपुर)। इमरानगंज बाजार में भाजपा नेता व पत्रकार आशुतोष श्रीवास्तव की हत्या का साजिशकर्ता जमीरूद्दीन कुरैशी पुलिस कस्टडी से बृहस्पतिवार को फरार हो गया था। पुलिस ने शनिवार की रात फिर उसे मुंबई से धर दबोचा। वहां से उसको जौनपुर लाने की तैयारी चल रही है।
कोतवाली क्षेत्र के सबरहद गांव निवासी आशुतोष श्रीवास्तव की सोमवार को इमरानगंज बाजार में बाइक सवार दो बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। मामले में पुलिस ने मंगलवार को चार नामजद व पांच अज्ञात पर मुकदमा दर्ज करते हुए मुख्य साजिशकर्ता जमीरुद्दीन निवासी ग्राम सबरहद थाना शाहगंज को महाराष्ट्र के जनपद ठाणे से गिरफ्तार कर लिया था। उसको ट्राजिंट रिमांड पर पुलिस जाैनपुर ला रही थी। 16 मई को मध्य प्रदेश के खंडवा रेलवे स्टेशन पर ट्रेन चलते ही जमीरुद्दीन टायलेट ले जाते समय कूदकर पुलिस अभिरक्षा से फरार हो गया था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक डाॅ. अजयपाल शर्मा ने टीम का गठन किया था। जौनपुर पुलिस ने जमीरूद्दीन को ग्राम बोरीवली, थाना पड़घा, जनपद थाणे, महाराष्ट्र से फिर गिरफ्तार कर लिया है। अब उसको जौनपुर लाने की तैयारी चल रही है।
सीओ अजीत सिंह चौहान ने बताया कि पुलिस कस्टडी से फरार हत्या के आरोपी को महाराष्ट्र के ठाणे से गिरफ्तार कर लिया गया है।