जौनपुर। शहर के मतापुर मोहल्ले में शनिवार को राज्य मंत्री गिरीश चंद्र यादव ने चौपाल लगाई। सरकार आप के द्वार कार्यक्रम के तहत आयोजित चौपाल में पीएम आवास योजना शहरी के लाभार्थी ने जेई पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाया। इस मामले में राज्य मंत्री ने तत्काल जेई के खिलाफ कार्रवाई करते हुए केस दर्ज कराने का आदेश पीओ डूडा को दिया।
लाइन बाजार थाने के पास आयोजित चौपाल में पहुंचे मंडी अहमद खां मोहल्ला निवासी छोटेलाल बेनवंशी ने राज्यमंत्री से शिकायत की कि उन्हें पीएम आवास योजना का लाभ मिला है। जेई ने पहली किस्त खाते में भेजने से पहले पांच हजार रुपये लिए थे। दूसरी किस्त आई तो दो हजार रुपये लेने के बाद रकम खाते में भेजी गई। अब तीसरी और अंतिम किस्त आई है तो उसे भी खाते में भेजने के लिए दो हजार रुपये की मांग की जा रही है। जबकि जितना पैसा मिला है, उससे कहीं अधिक पैसा आवास के निर्माण में खर्च हो चुका है। इस पर मंत्री ने जांच कर कार्रवाई का निर्देश दिया। मौके पर मौजूद जेई से पूछताछ की गई तो उन्होंने बताया कि निर्माण अभी अधूरा है, जिससे किस्त जारी नहीं की जा रही है। डीएम दिनेश कुमार सिंह के निर्देश पर पीओ डूडा पीड़ित को लिवाकर मौके पर गए। आधे घंटे में ही वह जांचकर लौटे तो राज्यमंत्री और डीएम के सामने उन्होंने बताया कि लाभार्थी ने आवास का निर्माण पूरा करा लिया है, जेई झूठ बोल रहे हैं। इस पर मंत्री ने जेई भरतलाल यादव के खिलाफ कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कराने का निर्देश दिया। मंत्री के इस आदेश से मौके पर मौजूद अन्य विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों में खलबली मच गई। यहां मतापुर, लाइनबाजार, मियांपुर, हुसैनाबाद समेत आस पास के अन्य मोहल्लों से भी सैकड़ों की संख्या में लोग अपनी समस्या लेकर पहुंचे थे। किसी ने आवास तो किसी ने मोहल्ले में नियमित सफाई नहीं होने की समस्या बताई। मियांपुर की 70 वर्षीय लखराजी देवी ने मंत्री से शिकायत की कि उनके पास आवास नहीं है। मंत्री ने जांच कराकर आवास का लाभ देने का निर्देश दिया।