मीरगंज। भटहर गांव से होकर गुजरने वाली शारदा सहायक खंड 39 नहर में मिले अज्ञात शव की जल में डूबने से मौत हुई थी। इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुआ। हालांकि मृतक की पहचान अभी तक नहीं हो पाई है।
बीते शुक्रवार को दिन दोपहर करीब डेढ़ बजे नहर में मुंगराबादशाहपुर की तरफ से औंधे मुंह बहता हुआ आया एक शव सरपत के झुरमुट में फंस गया था। जिसे देखकर कुछ ग्रामीणों ने शोर मचाया था। मौके पर जुटे ग्रामीणों में से किसी ने थाने पर सूचना दी थी। थानाध्यक्ष मीरगंज बृजेश कुमार गुप्त, एसआई संदीप शर्मा सहयोगियों के साथ मौके पर पहुंच गए थे और ग्रामीणों की मदद से शव को बाहर निकालवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि मृत व्यक्ति के शरीर पर वस्त्र के नाम पर सिर्फ काले रंग का हाफ पैंट था। वीडियो रिकार्डिगिं और फोटोग्राफी कराने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया था। इसकी रिपोर्ट में अधेड़ की मौत पानी में डूबने से बताई गई है।