निर्माणाधीन राजकीय मेडिकल कालेज।
- फोटो : jaunpur
कताई मिल के कर्मचारियों का 14 करोड़ बकाया राजकीय मेडिकल कालेज के निर्माण में रोड़ा बन गया है। मिल के कर्मचारियों के बकाया भुगतान न होने के कारण कताई मिल का पुराना भवन ढहाया नहीं जा सका है। पुराना भवन ढहाने के बाद ही मेडिकल कालेज के कई महत्वपूर्ण भवनों का निर्माण हो सकेगा। सिद्दीकपुर मे राजकीय मेडिकल कालेज का निर्माण कताई मिल परिसर में हो रहा है।
राजकीय मेडिकल मेडिकल कालेज सिद्दीकपुर का शिलान्यास 25 सितंबर 2014 को तत्कालीन मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने किया था। मेडिकल कालेज के लिए 554 करोड़ रूपये की लागत से 52 एकड़ में निर्माण कार्य चल रहा है। जिस परिसर में मेडिकल कालेज का निर्माण हो रहा है उसी में पहले कताई मिल थी।
कताई मिल का भवन अभी उसी हाल में पड़ा है। जिससे निर्माण कार्यो में बाधा उत्पन्न हो रही है। जब तक कताई मिल के पुराने भवन को नहीं ढहाया जाएगा तब तक मेडिकल कालेज में ऑक्सीजन लाइन, नर्सिंग स्टीन सिवर, स्टीम वाटर लाइन, एसी लाइन, फ ायर फ ाइटिंग, टाईप टू आवास, टाईपथ्री आवास, पानी की टंकी, एसटीपी कार्य, सुन्दरीकरण, गेस्ट हाउस, शापिंग माल, एडीटोरियम, खेल के मैदान और शैक्षणिक भवन का निर्माण नहीं हो पाएगा।
कई बार जिलाधिकारी ने शासन को पत्र लिखकर पुराने भवनों का ध्वस्तीकरण कराने की मांग की लेकिन शासन से कोई जवाब नहीं आया। हालांकि जिला प्रशासन लगातार इसमें लिखा पढी करने में जुटा हुआ है।