शाहगंज। स्थानीय कोतवाली क्षेत्र के बड़ा गांव में मांस का कारोबार होने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने छापेमारी कर एक मकान से पचास किलो मांस, चाकू, ठीहा, तराजू बरामद कर एक को गिरफ्तार किया है। मौके से पांच मवेशी भी बरामद हुए हैं। पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही कारोबारी यहां से फरार हो गए।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि बड़ा गांव के चहर रौजा के पास हसीब कुरैशी के मकान में मांस का अवैध कारोबार हो रहा है। सूचना पर कोतवाली प्रभारी भारत भूषण तिवारी, एसआई मंसाराम सिंह, जितेंद्र बहादुर सिंह, लव कुमार शुक्ला भारी फोर्स के साथ बड़ा गांव पहुंच गए। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही कारोबार से जुड़े अन्य लोग फरार हो गए जबकि वहां नौकरी करने वाले इसी गांव निवासी गुड्डू क पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। उसने पुलिस को बताया कि यहां मांस का कारोबार करने वाले झीनक कुरैशी और अन्य लोग फरार हो गए। पुलिस ने मकान की तलाशी ली तो उसमें पचास किलो मांस बरामद हुआ जो जिसे प्रतिबंधित मांस होने की आशंका है। उसका सैंपल लेकर पूरा मांस गांव के पास गड्ढा खोदकर नष्ट करा दिया गया। मौके से बरामद ठीहा, चाकू, तराजू और पांच मवेशियों को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। मौके से फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस संबावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। सीओ जितेंद्र दुबे का कहना है कि मौके से बरामद मांस का जांच के लिए नमूना लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।