शाहगंज। नगर पालिका अध्यक्ष व प्रतिनिधि ने सभासदों के साथ रविवार की दोपहर थानाध्यक्ष पर होली में अवैध वसूली व बदसलूकी का आरोप लगाते हुए थाने का घेराव किया। डीएम के आश्वासन पर प्रदर्शन समाप्त हुआ।
चेयरमैन रचना सिंह के प्रतिनिधि विरेन्द्र सिंह बंटी की देशी व बीयर की दुकान है। रविवार को निर्वाचन आयोग समेत पुलिस अधीक्षक को पत्रक सौंपकर कर आरोप लगाया कि दस दिन पूर्व होली के त्योहार को लेकर थानाध्यक्ष तारकेश्वर राय ने उपहार स्वरूप पचास हजार रुपये की मांग किया। वह भुगतान रवि प्रजापति द्वारा भेजवा दिया गया। उसके साथ बीयर और शराब भी ले गए। उसके उपरांत थानाध्यक्ष ने पुलिस भेजकर पुन: उच्च क्वालिटी की अंग्रेजी शराब व बीयर की मांग की। इनकार करने पर दुकान पर बैठे कर्मचारियों को प्रताड़ित करने के साथ ही अधिसूचना जारी होने की धमकी दी जाने लगी। शनिवार की शाम को फोन पर धन की मांग की गई। इनकार करने पर अपशब्दों का प्रयोग करते हुए दुकान पर पुलिस के जवानों ने बदसलूकी की।
इससे नाराज नपा अध्यक्ष रचना सिंह व प्रतिनिधि समेत सभासदों ने रविवार को थाने का घेराव किया। चुनाव आयोग समेत पुलिस अधीक्षक से संबंधित ज्ञापन क्षेत्राधिकारी को सौंपकर थानाध्यक्ष के निलंबन की मांग की। इसके बाद पालिकाध्यक्ष ने डीएम रविंद्र कुमार मांदड़ से फोन पर बात की। डीएम के आश्वासन पर धरना समाप्त हुआ। क्षेत्राधिकारी अजीत सिंह चौहान ने बताया कि शिकायत मिली है जांच कराई जाएगी।