सिकरारा। जौनपुर-प्रयागराज हाइवे पर बक्शा थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बढ़ौना स्थित फतेहगंज बाजार में मंगलवार को सुबह बिजली की शार्ट सर्किट से निकली चिंगारी से हार्डवेयर की दुकान और गोदाम में रखा नगदी सहित लाखों का सामान जलकर राख हो गया। जबकि दुकान के पिछले भाग में रह रहे व्यवसायी के परिवार को बगल की खिड़की तोड़कर बाहर से सीढ़ी लगाकर सुरक्षित निकाल लिया गया। बाजारवासियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। दमकल विभाग की वैन एक घंटे बाद पहुंची और बचाखुचा काम पूरा किया। घटनास्थल पर रेस्क्यू कार्य के चलते लगभग डेढ़ घंटे तक हाइवे पर वाहनों की आवाजाही बंद रही। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर थानाध्यक्ष बक्शा और हल्का लेखपाल मौके पर पहुंचकर घटना की जानकारी ली।
फतेहगंज बाजार निवासी सेवानिवृत्त शिक्षक मनीराम गुप्त पुरानी बाजार से बाहर आकर नया मकान बनाकर चारों बेटों और उनके परिवार के साथ रहते हैं। उनका एक बेटा राकेश गुप्त नए मकान के भूतल पर हार्डवेयर तथा घर गृहस्थी के सामान की बड़ी दुकान खोल रखा है। उसका दूसरा भाई रोहित भी सहज जनसेवा केंद्र खोला है। मंगलवार को सुबह बेसमेंट के रोशनदान से धुआं और आग की तेज लपटें निकल रही थी। बिजली कटवाकर दमकल को सूचना देते हुए लोग जनरेटर से सबमर्सिबल पंप चलाकर गोदाम के पिछले गेट से पानी की बौछार डालने लगे। सूचना के लगभग एक घंटे बाद दमकल की गाड़ी घटनास्थल पर पहुंची। ढाई घंटे बाद आग पर काबू पाया गया। दुकान संचालक राकेश गुप्त ने बताया कि लगभग दस लाख से अधिक के सामन का नुकसान हुआ है। सहज सेवा केंद्र में दो लाख रुपये कैश बॉक्स में था जो आग में जल गया। थानाध्यक्ष बक्शा ओम नारायण सिंह व हल्का लेखपाल अमित कुमार ने मौके पर पहुंच कर अगलगी से हुई क्षति की जानकारी ली।