जौनपुर। घने कोहरे के चलते सोमवार की रात और मंगलवार भोर में कई जगह हादसे हुए, जिनमें एक बाइक सवार युवक की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। एक कार और स्कार्पियो में टक्कर हुई। रामपुर में ट्रक डिवाइडर से टकरा गया जबकि एक ट्रक गड्ढे गिर गया। जलालपुर में बाइक सवार ट्रक से टकराकर घायल हो गया। कोहरा इतना घना था कि सुबह दस बजे हाईवे पर हेडलाइट जलाकर चलना पड़ा।
शाहगंज के आजाद रेलवे क्रासिंग के समीप सोमवार की देर रात किसी वाहन के धक्के से बाइक से जा रहे वाराणसी के पहाड़िया मंडी निवासी संदीप सिंह (30) गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने उन्हें राजकीय पुरुष चिकित्सालय पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने घटना की जानकारी परिजनों को दी और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। उधर, सरपतहा थाना क्षेत्र के गैरवाह गांव निवासी डोला देवी (55) घर के सामने सड़क पार करते समय बाइक की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गईं। मिर्जापुर-जौनपुर मुख्य मार्ग पर आलमगंज क्षेत्र के गंधौना गांव के पास भोर में चार बजे मिर्जापुर की तरफ से गिट्टी लदा ट्रक गड्ढे में गिर गया। हादसे में चालक कल्लू यादव घायल हो गया। ग्रामीणों ने चालक को अस्पताल पहुंचाया। रामपुर थाने की जमालापुर चौकी के सामने घने कोहरे के चलते एक ट्रक डिवाइडर पर चढ़ गया। ट्रक मिर्जापुर से गिट्टी लेकर जौनपुर की तरफ जा रहा था।
लखमीपुर गांव निवासी त्रिभुवन राय (50) बाइक से जलालपुर की तरफ आ रहे थे। बयालसी महाविद्यालय के समीप कोहरे के चलते ट्रक में पीछे से टकराकर गंभीर रूप से घायल हो गए। खेतासराय में भुड़कुड़हा मोड़ के पास सड़क पर बने गड्ढा से बचने के चक्कर में जौनपुर से शाहगंज की तरफ जा रहा बालू लदा ट्रक बोलेरो से टकरा गया। हादसे में बोलेरो क्षतिग्रस्त हो गई। बोलेरो सवार खेतासराय से बरात करके लौट रह थे। इसी मार्ग पर चकमारूफपुर मोड़ के पास एक ब्रेजा कार पीछे से स्कार्पियो से टकरा गई। हादसे के बाद स्कार्पियो जयप्रकाश गुप्ता की दुकान में घुस गई।