मनबढ़ों ने चाकू घोंपकर युवक को किया घायल
सुइथाकला। सरपतहा थाना क्षेत्र के लमिया गांव के निकट ईदगाह के पास शनिवार की शाम करीब सवा आठ बजे मनबढ़ों ने बाइक सवार युवक को रोककर चाकू से वार कर दिया। गंभीर रूप से घायल युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। उसे पेट, पीठ और हाथ में कुल पांच जगह चाकू से गंभीर चोट आई है। सूचना पर सीओ शाहगंज अजय कुमार श्रीवास्तव ने भी मौके पर पहुंचकर घटना की छानबीन की।
क्षेत्र के शेखपुर निवासी चित्रसेन सिंह के पुत्र शिवम सिंह (24) बाइक से लमिया बाजार आए थे। वह देर शाम सवा आठ बजे बाजार से लौट रहे थे। लमिया गांव की ईदगाह के पास पहुंचे थे तभी पांच छह की संख्या में पहले से मौजूद मनबढ़ों ने बाइक रोक कर चाकू से वार कर दिया। युवक लहू लुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा तो हमलावर फरार हो गए। किसी ने पुलिस को सूचना दी कि बदमाशों ने युवक को गोली मार दी है। गोली चलने की सूचना पर पुलिस थाने मे ंहड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल युवक को सीएचसी पहुंचाया जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। घायल युवक ने घटना के पीछे आबादी की जमीन को लेकर गांव के लोगों से चल रहे विवाद बताया है। पुलिस घटना की छानबीन में जुटी है। सीओ अजय सिंह का कहना है कि पुलिस छानबीन में जुटी है। घायल को लेकर अभी परिजन भी अस्पताल में हैं। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।