सुइथाकला। सरतपहां थाना क्षेत्र गैरवाह गांव में आठ सितंबर की रात पुलिस के साथ मुठभेड़ में एक लाख के इनामिया कुख्यात अपराधी प्रशांत पांडेय उर्फ कल्लू पंडित की मौत की मजिस्ट्रीयल जांच शुरू हो गई है। डीएम मनीष कुमार वर्मा के निर्देश पर एसडीएम शाहगंज नीतीश कुमार सिंह जांच कर रहे हैं।
सुल्तानपुर जिले के कादीपुर कोतवाली अंतर्गत अमरेथू डडि़या गांव निवासी प्रशांत पांडेय अंतरजनपदीय अपराधी था। सुल्तानपुर के अलावा जौनपुर और अंबेडकरनगर जिलों में भी उसका खासा आतंक था। तीनों जिलों के विभिन्न थानों में उसके विरुद्ध लूट, छिनैती, हत्या के प्रयास, रंगदारी वसूली, अवैध असलहा रखने के दर्जनों मुकदमे दर्ज थे। उसका गैरवाह गांव में भी आना-जाना था। घटना की रात पुलिस को पता चला था कि वह गैरवाह आने वाला है। उसकी गिरफ्तारी के लिए क्राइम ब्रांच की टीम व सरपतहां, शाहगंज, खेतासराय पुलिस पहले से ही गुड़बड़ी-अखंडनगर मार्ग पर जाल बिछाए हुए थी। रात एक बजे के करीब अखंडनगर की तरफ से बाइक आती दिखाई पड़ी। पुलिस टीम के रुकने का संकेत देने पर बाइक सवार झोखरिया बाग की तरफ भागने लगे। पुलिस के पीछा करने पर गोलियां चलाने लगे। पुलिस की जवाबी फायरिग में प्रशांत पांडेय मारा गया, जबकि उसका साथी भाग निकला। घटना की मजिस्ट्रियल जांच के लिए एसपी अजय कुमार साहनी ने जिलाधिकारी को पत्र लिखा था। एसडीएम ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है। इस बारे में यदि किसी भी व्यक्ति को यदि कोई लिखित या मौखिक साक्ष्य देना है तो वह आगामी 26 दिसंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक एसडीएम न्यायालय, शाहगंज में उपस्थित होकर दे सकता है।