जौनपुर। मतदाता जागरूकता अभियान के तहत बृहस्पतिवार को मोहम्मद हसन कालेज के मैदान पर क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्य विकास अधिकारी स्वीप प्रभारी अनुपम शुक्ला ने मतदाता की शपथ दिलाकर और बैट से गेंद खेलकर किया। सीडीओ अनुपम शुक्ला ने कहा कि मतदाता होने पर गर्व महसूस करें और अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए अपना अमूल्य वोट देकर अपना कर्तव्य निभाएं। सात मार्च को सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए वोट जरूर करें। स्वयं मतदान करें और परिवार, समाज को भी मतदान करने के लिए प्रेरित करें।
डीआईओएस डा. आरके पंडित ने कहा कि जागरूकता के लिए स्कूल, कालेज, न्याय पंचायत स्तर पर मैच होने के बाद ब्लॉक स्तर पर एक ब्लॉक की टीम दूसरे ब्लॉक से मैच खेलेगी। फाइनल मैच होंगे। टीम में खिलाड़ी के रूप में बेसिक शिक्षा और माध्यमिक शिक्षा विभाग के शिक्षक खेलेंगे और मतदाताओं को जागरूक करेंगे। उद्घाटन मैच डीआईओएस एकादश और बीएसए एकादश टीम के बीच खेला गया। इसमें 22 ब्लाकों के खंड शिक्षा अधिकारी खिलाड़ी के रूप में खेलेंगे। बीएसए डा. गोरखनाथ पटेल ने स्वागत किया। डीआईओएस एकादश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। बीएसए एकादश ने 12 ओवरों में पांच विकेट पर 146 रन बनाए। जवाब में डीआईओएस एकादश ने 10 ओवर में ही चार विकेट पर 150 रन बनाकर मैच जीत लिया। आभार बीईओ राजीव कुमार यादव ने व्यक्त किया। कमेंट्री स्वीप कोआर्डिनेटर सैय्यद मोहम्मद मुस्तफा और अश्वनी सिंह ने किया। मैच में डीआई जय कुमार, सुरेंद्र पटेल, अजीत सिंह, मनोज यादव, रमाकांत सिंह, सुनील कुमार, जवाहर यादव, राजू सिंह, नरेंद्रदेव मिश्र, शैलपति यादव, अविनाश सिंह, नीरज श्रीवास्तव, अरुण यादव, राजेश यादव और रमा पांडेय आदि खिलाड़ी रहे। इस मौके पर मोहम्मद हसन इंटर कालेज के प्रधानाचार्य डा. नासिर खान, अरशद अहमद, रवि यादव आदि उपस्थित रहे।