प्रतापगढ़ और कानपुर में अधिवक्ता की हत्या के विरोध में शनिवार को मौन जुलूस निकाल डिप्टी कलेक्टर रिंकी जायसवाल को पत्रक सौंपते दीवानी बार के अधिवक्ता।
प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जवाहरलाल मिश्र, बिल्हौर, कानपुर के जीतेंद्र पाल की हत्या के विरोध में शनिवार को दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ और कलेक्ट्रेट अधिवक्ता समिति के नेतृत्व में सभी अधिवक्ता पूरे दिन न्यायिक कार्य का बहिष्कार करते हुए मौन जुलूस निकालकर प्रदर्शन किया। साथ ही अधिवक्ताओं की सुरक्षा की मांग उठाई।
इस दौरान सीएम को संबोधित पांच सूत्री मांग पत्र अतिरिक्त एसडीएम रिंकी जायसवाल को सौंपा। जिसमें अधिवक्ता के हत्यारों को अविलंब गिरफ्तार करने, सुरक्षा के लिए कारगर कदम उठाने की मांग की गई। साथ मृतक के आश्रितों को समान रुप से आर्थिक सहायता प्रदान करने आदि की मांग की गई है। वक्ताओं ने कहा कि आए दिन अधिवक्ताओं पर प्राण घातक हमले और उनकी हत्या हो रही है।
जिससे अधिवक्ता अब अपने आप को सुरक्षित महसूस नहीं कर रहा है। हालत इतनी बिगड़ गई है कि अधिवक्ताओं को अपने उपर हमले होने की चिंता हर वक्त सता रही है। इसको लेकर कई बार सुरक्षा की गुहार भी लगाई गई, लेकिन अभी तक कोई कदम नहीं उठाया गया। इसका ताजा उदाहरण प्रतापगढ़ के वरिष्ठ अधिवक्ता जवाहरलाल मिश्र, बिल्हौर कानपुर अधिवक्ता जीतेंद्र पाल की हत्या का है।
इसे गंभीरता से लेते हुए एक बार फिर उत्तर प्रदेश बार कौंसिल के आह्वान पर प्रदेश में अधिवक्ता शनिवार को मौन जुलूस निकाल कर विरोध प्रदर्शन किया। इस मौके पर दीवानी न्यायालय अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष सत्येंद्र बहादुर सिंह, जयप्रकाश सिंह, रमेश चंद्र पाल, सत्येंद्र सिंह, मंगला सिंह, अरुण कुमार सिंह, तरुण तिवारी, विरेंद्र कुमार सिन्हा, सुबाषचंद्र यादव, घनश्याम ओझा, कैलाश पांडेय व पंकज त्रिपाठी, राधेश्याम निषाद, वीरेंद्र सिंह, रविंद्र नरायण आदि रहे।