जौनपुर। यूपी बोर्ड परीक्षा के लिए शिक्षकों की ड्यूटी लगाने के लिए विद्यालयों से सूची मांगी गई है। सभी विद्यालय अपने शिक्षकों की सूची ऑनलाइन कर रहे हैं। बोर्ड परीक्षा में इस बार कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी ऑनलाइन लगाई जानी है। हालांकि अभी तक यह तय नहीं हो पाया है कि ड्यूटी कैसे लगाई जाएगी।
डीआईओएस ने सभी केंद्र व्यवस्थापकों के साथ बैठक कर परीक्षा के तैयारी की समीक्षा की लेकिन यह जानकारी नहीं दी गई कि कक्ष निरीक्षकों की ड्यूटी कैसे लगाई जाएगी। ड्यूटी लगाने को लेकर केंद्र व्यवस्थापक भी दुबिधा की स्थिति में हैं। बोर्ड परीक्षाएं 24 मार्च शुरू हो रही हैं। तैयारी को अंतिम रूप दिया जा रहा है। बोर्ड परीक्षा के लिए 14 से 16 मार्च तक राजकीय बालिका इंटर कॉलेज से उत्तर पुस्तिकाओं का उठान किया जाएगा। सभी केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया गया है कि वह तय तिथि के बीच कोठार से उत्तर पुस्तिकाएं प्राप्त कर लें। जिले में कुल 641 विद्यालय हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए जिले में 230 केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा में कुल 149033 छात्र पंजीकृत हैं। हाईस्कूल में पंजीकृत बालक 78606, हाईस्कूल में पंजीकृत बालिका 38877, इंटर में पंजीकृत कुल छात्र 70427, इंटर में पंजीकृत बालिकाएं 36022 और इंटर में पंजीकृत बालक 34405 हैं।
सीबीएसई की प्रैक्टिकल परीक्षाएं शुरू
जौनपुर। सीबीएसई परीक्षाएं 26 अप्रैल से शुरू होनी है। परीक्षा की तैयारी शुरू हो गई है। जिले में सीबीएसई के कुल 85 विद्यालय हैं। बोर्ड परीक्षा के लिए अभी केंद्र तय नहीं किए गए हैं। परीक्षा में 10वीं और 12वीं के कितने छात्र बैठेंगे। यह भी अभी साफ नहीं हो पाया है। परीक्षा केंद्र तय होने के बाद ही कक्ष निरीक्षक लगाए जाएंगे। सीबीएसई की जिला समन्वयक डा. रुचि शर्मा का कहना है कि प्रैक्टिकल की परीक्षाएं दो मार्च से शुरू हो करा दी गई है। बाह्य परीक्षक बुलाकर प्रैक्टिकल कराने का निर्देश दिया गया है। बोर्ड की ओर से निर्देश जारी होने के बाद परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे।