मुरादाबाद की तहसील बिलारी में नगर पालिका भवन में शिलान्यास के मौके पर नगर विकास मंत्री आजम खां द्वारा लेखपाल को समाज का सबसे गंदा व्यक्ति कहे जाने पर लेखपाल संघ का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को सभी तहसीलों पर लेखपालों ने प्रदर्शन कर कैबिनेट मंत्री के बयान की निंदा की।
सदर तहसील पर हुई सभा को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष कृष्णानंद पांडेय ने कहा कि लेखपाल संवर्ग राजस्व विभाग का महत्वपूर्ण संवर्ग है। 29 जुलाई को आजम खां ने अपने उद्बोधन में अपमान जनक शब्द कहके पूरे समाज का अपमान किया है। लेखपाल इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। लेखपालों ने राजस्व मंत्री को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को सौँपा। इस मौके पर विष्णु नारायण सिंह, राम प्रताप सिंह, राजेश सिंह, राम बहादुर यादव मौजूद थे।
केराकत प्रतिनिधि के अनुसार, तहसील दिवस पर लेखपाल एसडीएम कार्यालय के पास कार्य बहिष्कार कर धरने पर बैठ गए और आजम खान के खिलाफ नारे लगाए। मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक एसडीएम को दिया। अध्यक्षता प्रलय शंकर यादव और संचालन प्रभात यादव ने किया।
मछलीशहर प्रतिनिधि के अनुसार, लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार कर धरना दिया। इस मौके जिलाध्यक्ष लालचंद्र श्रीवास्तव, सुरेश, चंद्र, मनोज तिवारी,रामचंद्र, राजेश आदि मौजूद रहे।
मड़ियाहूं प्रतिनिधि के अनुसार, लेखपाल संघ के अध्यक्ष जय शंकर यादव की अध्यक्षता में लेखपालों ने धरना प्रदर्शन कर एसडीएम रामकेश को ज्ञापन सौंपा। इस मौके पर महेंद्र यादव, आदर्श श्रीवास्तव, संतोष कुमार, जय प्रकाश् मौजूद रहे।
बदलालपुर प्रतिनिधि के अनुसार, अभद्र टिप्पणी को लेकर लेखपालों ने तहसील दिवस का बहिष्कार किया और मुख्यमंत्री को संबोधित पत्रक एसडीएम को सौंपा। शाहगंज में भी लेखपालों ने धरना प्रदर्शन किया।