जौनपुर जनपद के मड़ियाहूं क्षेत्र के जलालपुर रोड स्थित गोशाला के पास रविवार को ट्रक की चपेट में आने से अधेड़ दंपती और उनका नाती तीनों घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है।
जोगापुर जमालापुर निवासी रामबली गौतम अपनी पत्नी उषा देवी एवं नाती नैतिक गौतम के साथ बाइक से मड़ियाहूं कोतवाली क्षेत्र के अलीपुर गांव स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। वह जैसे ही जलालपुर रोड स्थित गोशाला के पास पहुंचे थे तभी बाइक ट्रक की चपेट में आ गई। पीछे बैठी महिला और बालक दोनों सड़क की ओर गिरे। ट्रक का पहिया महिला के पैर के ऊपर से गुजर गया। महिला गंभीर रूप से घायल हो गई जबकि बालक और बाइक चला रहे रामबली को मामूली चोट आई है। घायल महिला को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।